बर्थडे पार्टी में खूनी खेल! | सोनू की गर्दन में मारी गोली, 24 घंटे में 3 आरोपी दबोचे
Views: 45
मुख्य शूटर चेतन समेत कई आरोपी फरार | पुलिस ने 1.5 किलो हेरोइन, 2 अवैध पिस्तौल और 6 कारतूस किए बरामद
लुधियाना, 19 अगस्त (विक्रम सैनी/कमल पवार )
लुधियाना के डिवीजन नंबर-1 इलाके में बर्थडे पार्टी के दौरान हुए रमिंदर सिंह उर्फ सोनू हत्याकांड को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ट्रेस करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस कार्रवाई के दौरान 1.5 किलोग्राम हेरोइन, भारी मात्रा में ड्रग मनी, दो अवैध पिस्तौल और छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। हालांकि, पुलिस के अनुसार गोली चलाने वाला मुख्य आरोपी चेतन और उसके अन्य साथी अभी फरार हैं।
बर्थडे पार्टी में विवाद, फिर चली गोली
पुलिस के अनुसार 17 अगस्त की रात रमिंदर सिंह उर्फ सोनू अपने साथियों के साथ डिवीजन नंबर-1 क्षेत्र में आयोजित एक बर्थडे पार्टी में गया था। वहां किसी बात को लेकर उसके गुट का चेतन, निहाल, नीरज, सागर, हरमन, ऋषि, मनोज साहनी, दीप मनी और अन्य युवकों के साथ विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने पर चेतन ने कथित तौर पर अवैध पिस्तौल से फायरिंग कर दी। गोली रमिंदर उर्फ सोनू की गर्दन में लगी और उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी बोलेरो, वेन्यू और क्रेटा गाड़ियों में सवार होकर मौके से फरार हो गए।
हत्या की जांच में खुला नशे और हथियारों का कनेक्शन
पुलिस ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर 18 अगस्त को कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी मनोज कुमार से मिली जानकारी के आधार पर ताजपुर रोड इलाके में एक किराए के कमरे पर छापेमारी की गई।पुलिस के अनुसार वहां से डेढ़ किलो हेरोइन, अवैध हथियार और अन्य सामान बरामद हुआ। इस मामले में थाना डिवीजन नंबर-7 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मनोज कुमार, सागर और चेतन के खिलाफ अलग मामला भी दर्ज किया गया है।
ये तीन आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान—
मनोज कुमार, निवासी बिहारी कॉलोनी, ताजपुर रोड
ऋषि कुमार उर्फ रिशु, निवासी आदर्श नगर
हरमनजोत सिंह उर्फ हरमन, निवासी ताजपुर रोड, लुधियाना
पुलिस के मुताबिक मनोज कुमार के खिलाफ पहले भी चोरी का मामला दर्ज है और वह जमानत पर बाहर था।
पुलिस की बड़ी बरामदगी
1 1.5 किलोग्राम हेरोइन
2 2 अवैध पिस्तौल
3 6 जिंदा कारतूस
4 भारी मात्रा में ड्रग मनी
मुख्य शूटर चेतन की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार मुख्य शूटर चेतन समेत अन्य फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
बर्थडे पार्टी में शुरू हुआ विवाद अब हत्या, नशे और अवैध हथियारों के बड़े मामले तक पहुंच गया है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है—मुख्य शूटर चेतन पुलिस की गिरफ्त में कब आएगा?
