धंदरा और मानकवाल में सड़कें, अवैध निर्माण व अन्य ढांचे ध्वस्त | बिना अनुमति विकास पर जीरो टॉलरेंसलुधियाना | 3 सितंबर 2026 | कुमार
GLADA के चीफ एडमिनिस्ट्रेटर विकास हीरा की ओर से बिना अनुमति और बिना स्वीकृत योजना के हो रहे विकास के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई तेज कर दी गई है। इसी अभियान के तहत गुरुवार को धंदरा और मानकवाल गांवों में बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 बिना अनुमति वाली कॉलोनियों में बनी सड़कों, कथित अवैध निर्माण और अन्य ढांचों को ध्वस्त कर दिया गया।
GLADA के एडिशनल चीफ एडमिनिस्ट्रेटर द्वारा जारी तोड़फोड़ आदेशों के अनुसार ड्यूटी मजिस्ट्रेट, पुलिस बल और GLADA रेगुलेटरी विंग की प्रवर्तन टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों में सड़कें और अन्य निर्माण हटाए।बताया गया कि संबंधित डेवलपर्स को पहले नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने पर कार्रवाई की गई। पूरी कार्रवाई बिना किसी विरोध के संपन्न हुई।
GLADA चीफ एडमिनिस्ट्रेटर विकास हीरा ने कहा कि बिना अनुमति वाली कॉलोनियों में सस्ते प्लॉट का लालच देकर लोगों को ठगने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।उन्होंने आम लोगों से अपील की कि बिना अनुमति वाली कॉलोनियों में प्लॉट या अन्य संपत्ति खरीदने से पहले पूरी जांच करें।
GLADA ने स्पष्ट किया है कि अनधिकृत कॉलोनियों में पानी, सीवरेज या बिजली जैसी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जाएंगी। इसलिए संपत्ति खरीदने से पहले कॉलोनी की वैधता की जांच करना बेहद जरूरी है।
GLADA की ओर से बताया गया कि स्वीकृत एवं नियमित कॉलोनियों तथा स्वीकृत नक्शों की सूची आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। लोगों को संपत्ति खरीदने से पहले इन विवरणों की जांच करने की सलाह दी गई है।
GLADA चीफ एडमिनिस्ट्रेटर ने साफ किया कि तोड़फोड़ की कार्रवाई के साथ-साथ पंजाब रीजनल एंड अर्बन प्लानिंग एंड डेवलपमेंट एक्ट के तहत बिना अनुमति विकास गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी जारी रहेगी।
9 कॉलोनियों पर कार्रवाई के बाद अब सवाल यह है कि बिना अनुमति कॉलोनियां विकसित करने वाले डेवलपर्स पर आगे कितनी सख्त कानूनी कार्रवाई होती है। GLADA के इस अभियान से अवैध कॉलोनी कारोबार में लगे लोगों में हड़कंप मचने की संभावना है।