जीत समाचार | हरियाणा अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम टीम पर पथराव, दो कर्मचारी घायल

0

Views: 4

80 फीसदी अतिक्रमण हटाने के बाद भड़के रेहड़ी-पटरी संचालक | निगम के वाहनों के शीशे टूटे, कर्मचारियों ने भागकर बचाई जान

हरियाणा / गुड़गांव।3 सितंबर 2026  कमल पवार

नगर निगम मानेसर की इंफोर्समेंट टीम को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई उस समय भारी पड़ गई, जब रेहड़ी-पटरी संचालकों ने टीम पर अचानक पथराव कर दिया। घटना में नगर निगम के दो कर्मचारी घायल हो गए, जबकि निगम के कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए।जानकारी के अनुसार नगर निगम की टीम गांव अलियर और बांसकूसला स्थित शंकर की ढाणी के पास मुख्य सड़क पर बनी कथित अवैध मार्केट और रेहड़ियों का अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। लंबे समय से सड़क किनारे कब्जे के कारण यातायात प्रभावित होने की शिकायतें सामने आ रही थीं।

80 फीसदी अतिक्रमण शांतिपूर्ण तरीके से हटाया

शाम करीब 5 बजे ड्यूटी मजिस्ट्रेट एसडीओ विकास शर्मा के नेतृत्व में जेई देविंदर, मंदीप समेत इंफोर्समेंट टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की।टीम ने करीब 80 फीसदी अतिक्रमण शांतिपूर्ण तरीके से हटा दिया। लेकिन जब बची हुई रेहड़ियों को हटाने और जब्त करने की कार्रवाई शुरू हुई तो कुछ रेहड़ी संचालक कथित तौर पर उग्र हो गए।

अचानक बरसने लगे पत्थर

देखते ही देखते नगर निगम की टीम पर पथराव शुरू हो गया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पथराव में निगम के दो कर्मचारियों को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं।हमलावरों ने निगम के वाहनों को भी निशाना बनाया। बड़े-बड़े पत्थर लगने से वाहनों के शीशे टूट गए। स्थिति बिगड़ने पर कर्मचारियों को किसी तरह वहां से हटकर अपनी जान बचानी पड़ी।

घायलों को अस्पताल पहुंचाया

घटना के तुरंत बाद घायल कर्मचारियों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। साथ ही उनकी मेडिकल लीगल रिपोर्ट भी कराई गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के बाद नगर निगम अधिकारियों की ओर से आईएमटी मानेसर सेक्टर-7 थाने में पथराव करने वालों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।

जीत समाचार का सवाल

अतिक्रमण हटाना नगर निगम की कार्रवाई थी, लेकिन टीम पर पथराव ने कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। अब देखना होगा कि पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ क्या कार्रवाई करती है और सार्वजनिक सड़क से अतिक्रमण पूरी तरह कब हटाया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed