कांगो में स्कूल पर टूटा आग का कहर! 24 बच्चों की मौत, 29 से ज्यादा झुलसे
बुकावू में भीषण अग्निकांड से मची तबाही; आग की लपटों से बचने के लिए बच्चों ने ऊपरी मंजिलों से लगाई छलांग, सैकड़ों परिवार बेघर
जीत समाचार | बुकावू।
पूर्वी कांगो के विद्रोहियों के कब्जे वाले शहर बुकावू में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। एक भीषण आग ने स्कूल परिसर और आसपास के घनी आबादी वाले इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 24 स्कूली बच्चों की मौत होने की खबर है।मृतकों में 19 लड़कियां और 5 लड़के शामिल बताए जा रहे हैं। हादसे में 29 से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
आग लगी तो मची चीख-पुकार और भगदड़
चश्मदीदों के मुताबिक, आग उस समय लगी जब बच्चे स्कूल में कक्षाएं लगा रहे थे। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। बच्चों ने जब इमारत से बाहर निकलने की कोशिश की तो अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई।जान बचाने की कोशिश में कुछ विद्यार्थियों ने ऊपरी मंजिलों से छलांग तक लगा दी। आग और भगदड़ के बीच कई बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
दो स्कूलों के साथ 300 लकड़ी के घर भी राख
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आग केवल स्कूल परिसर तक सीमित नहीं रही। आग ने दो स्कूलों और आसपास के करीब 300 लकड़ी के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया।आग की इस घटना के बाद बड़ी संख्या में परिवारों के सामने सिर छिपाने तक का संकट पैदा हो गया है और सैकड़ों लोग बेघर हो गए हैं।
मौत का आंकड़ा बढ़ने की आशंका
स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों और राहत-बचाव कर्मियों के अनुसार मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। एक स्थानीय अस्पताल में 50 से अधिक विद्यार्थियों को लाए जाने की जानकारी सामने आई है।
इनमें से 14 बच्चों की इलाज के दौरान मौत होने की बात कही गई है, जबकि 21 मरीज ICU में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य जारी है। आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है। प्रशासन की ओर से घटना की जांच की जा रही है।

