जीत समाचार | बड़ी खबर LPU में छात्रा से दुष्कर्म की अफवाह के बाद हंगामा, 5 युवक हिरासत में
दातर और वॉकी-टॉकी सेट बरामद होने का पुलिस का दावा; 10 दिन के लिए कक्षाएं स्थगित
फगवाड़ा, 28 सितंबर:जीत समाचार
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) परिसर में एक छात्रा से दुष्कर्म की अफवाह के बाद रविवार देर रात भारी हंगामा हो गया। घटना के बाद यूनिवर्सिटी परिसर में तनाव की स्थिति पैदा हो गई और पुलिस को स्थिति संभालने के लिए हस्तक्षेप करना पड़ा।
27वीं बटालियन की कमांडेंट गुरमीत कौर के अनुसार, पुलिस ने मामले में 5 युवकों को पकड़ा है। पुलिस का कहना है कि उनके कब्जे से एक दातर और कुछ वॉकी-टॉकी सेट बरामद किए गए हैं। सभी से पूछताछ की जा रही है और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।
गाड़ियों में तोड़फोड़ और आगजनी का आरोप
हंगामे के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प की भी सूचना है। गुस्साए प्रदर्शनकारियों द्वारा कुछ गाड़ियों में तोड़फोड़ और आग लगाने की बात सामने आई है। पुलिस घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
10 दिन के लिए कक्षाएं स्थगित
प्रशासन की ओर से 28 सितंबर से अगले 10 दिनों के लिए सभी कक्षाएं स्थगित करने की जानकारी सामने आई है। वहीं, निर्धारित मिड-टर्म परीक्षाओं को भी अगले आदेश तक टाल दिया गया है। इसके बाद अलग-अलग राज्यों से LPU में पढ़ने आए कई छात्र अपने घरों की ओर रवाना होने लगे।
इंटरनेट सेवा भी बंद
तनावपूर्ण स्थिति के बीच यूनिवर्सिटी और आसपास के इलाकों में इंटरनेट सेवाएं बंद किए जाने की भी जानकारी है। प्रशासन की ओर से इंटरनेट बंद रखने की अवधि को लेकर अगले आदेशों का इंतजार है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। छात्रा से संबंधित लगाए जा रहे आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।

