जीत समाचार | पंजाब डेस्क LPU हिंसा मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन, 3 और छात्र गिरफ्तार
अब तक 14 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में—CCTV और वीडियो फुटेज से अन्य छात्रों की पहचान जारी
फगवाड़ा।8 अक्टूबर 2026 जीत समाचार
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में हुई हिंसा के मामले में फगवाड़ा पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए तीन और छात्रों को गिरफ्तार किया है। इन गिरफ्तारियों के साथ ही मामले में अब तक गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 14 हो गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार छात्रों की पहचान महाराष्ट्र निवासी बिश्या पुत्र अशोक कुमार, बिहार निवासी कृष्णा पुत्र राजेश और राजस्थान निवासी योगेश पुत्र संपत के रूप में हुई है। तीनों के एलपीयू के छात्र होने की बात सामने आई है।
तोड़फोड़, सड़क जाम और छात्रों को भड़काने के आरोप
पुलिस के मुताबिक हिंसा के दौरान इन आरोपियों पर वाहनों में तोड़फोड़ करने, सड़क अवरुद्ध करने और अन्य छात्रों को कथित तौर पर भड़काने के आरोप हैं।
तीनों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने उनका रिमांड हासिल किया। पूछताछ के दौरान पुलिस हिंसा में उनकी भूमिका और उनके साथ शामिल अन्य छात्रों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
CCTV और वीडियो फुटेज से खुलेंगे और राज!
पुलिस पहले ही कई छात्रों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब CCTV फुटेज और सामने आए वीडियो के आधार पर हिंसा में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच में जिस किसी की भूमिका सामने आएगी, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
14 गिरफ्तारियों के बाद भी पुलिस की जांच जारी
मामले में गिरफ्तारियों की संख्या 14 तक पहुंचने के बावजूद पुलिस की जांच अभी जारी है। पुलिस अब हिंसा के दौरान मौजूद अन्य संदिग्धों की पहचान करने और पूरी घटना में उनकी भूमिका स्पष्ट करने में जुटी हुई है।

