बुड्ढा दरिया को गोबर से बचाने के लिए प्रशासन सख्त!

0

सीचेवाल, मेयर इंदरजीत कौर, विधायक ग्रेवाल और निगम कमिश्नर अलंकार की डेयरी संचालकों के साथ बैठक; दरिया या सीवरेज में गोबर डाला तो होगी कड़ी कार्रवाई

लुधियाना, 5 अक्टूबर | जीत समाचार

बुड्ढा दरिया को प्रदूषण मुक्त करने की मुहिम के तहत अब नगर निगम ने डेयरी कॉम्प्लेक्सों से दरिया और सीवरेज लाइनों में गिराए जा रहे गोबर को लेकर सख्त रुख अपना लिया है। सोमवार को राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल, मेयर प्रिंसिपल इंदरजीत कौर, लुधियाना ईस्ट के विधायक दलजीत सिंह भोला ग्रेवाल और नगर निगम कमिश्नर ओजस्वी अलंकार ने ताजपुर रोड डेयरी कॉम्प्लेक्स के डेयरी संचालकों के साथ जोन-बी कार्यालय में समीक्षा बैठक की।

बैठक का मुख्य उद्देश्य बुड्ढा दरिया और सीवरेज लाइनों में गोबर डालने पर रोक लगाना रहा।

दरिया में गोबर डाला तो अब खैर नहीं!

डेयरी संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि गोबर को बुड्ढा दरिया या सीवरेज लाइनों में न डाला जाए। नगर निगम द्वारा डेयरी कॉम्प्लेक्सों से गोबर उठाने के लिए नियुक्त ठेकेदार को ही गोबर सौंपने की अपील की गई।

ठेकेदार को भी निर्देश दिए गए कि गोबर उठाने के लिए रेहड़ियों सहित जरूरी इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं और उठान नियमित रूप से हो।

STP और ETP पर भी पड़ रहा असर

बैठक में अधिकारियों ने कहा कि सीवरेज लाइनों में गोबर जाने से सीवरेज व्यवस्था प्रभावित होने के साथ-साथ सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) और एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ETP) के कामकाज पर भी बुरा असर पड़ रहा है।

ऐसे में डेयरी संचालकों से प्रशासन का सहयोग करने और गोबर को निर्धारित व्यवस्था के तहत ही देने की अपील की गई।

हैबोवाल और ताजपुर रोड में बायोगैस प्लांट पर भी जोर

बैठक के दौरान हैबोवाल और ताजपुर रोड डेयरी कॉम्प्लेक्सों में बायोगैस प्लांट स्थापित करने के प्रोजेक्टों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।

इससे गोबर की समस्या का समाधान करने के साथ-साथ उसका उपयोग ऊर्जा उत्पादन के लिए करने की दिशा में भी कदम बढ़ाया जा सकेगा।

कुछ दिनों में होगी सफाई, फिर होगी सख्ती

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि आने वाले कुछ दिनों में डेयरी कॉम्प्लेक्स की गलियों में जमा गोबर को निगम की टीमें साफ करेंगी।

लेकिन इसके बाद यदि कोई व्यक्ति दोबारा गलियों या सीवरेज लाइनों में गोबर डालता पकड़ा गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सीचेवाल बोले—डेयरी संचालकों के खिलाफ नहीं, लेकिन दरिया भी बचाना है

संत बलबीर सिंह सीचेवाल, मेयर इंदरजीत कौर और विधायक दलजीत सिंह भोला ग्रेवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार बुड्ढा दरिया को साफ करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि सरकार डेयरी किसानों के खिलाफ नहीं है, लेकिन दरिया में प्रदूषण कम करने के लिए डेयरी संचालकों का सहयोग बेहद जरूरी है।

अब देखना होगा कि इन निर्देशों के बाद ताजपुर रोड डेयरी कॉम्प्लेक्स में गोबर की समस्या पर वास्तव में कितना अंकुश लगता है और निगम की कार्रवाई कितनी प्रभावी साबित होती है।

 

दैनिक विज्ञापन
दैनिक विज्ञापन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed