सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू की गोली मारकर हत्या, लोहारका रोड पर वारदात से सनसनी
जालंधर, 3 अक्टूबर, जीत समाचार:
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट मैड संधू पर शनिवार को लोहारका रोड पर अज्ञात हमलावरों ने गोली चला दी। हमले में गंभीर रूप से घायल मैड संधू को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद सामने आए एक वीडियो में मैड संधू सड़क पर घायल अवस्था में दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में उनके साथी उन्हें सड़क से उठाकर ले जाते नजर आ रहे हैं। घटनास्थल पर गोलियों के खोल भी पड़े दिखाई दिए, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा हमलावरों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
एडीसीपी सिटी-2 ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए अलग-अलग पहलुओं से जांच की जा रही है।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही वारदात से जुड़े कारणों और आरोपियों के बारे में स्थिति स्पष्ट होगी।

