रुई की गांठों के बीच छिपाकर ले जा रहे थे 800 पेटी अंग्रेजी शराब, फतेहाबाद में ट्रक पकड़ा
शराब की पेटियों पर लिखा था ‘फॉर सेल इन पंजाब ओनली’, चालक मौके से फरार; सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
फतेहाबाद, 3 अक्टूबर, जीत समाचार
अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए फतेहाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रुई की गांठों के बीच छिपाकर ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब की 800 पेटियां बरामद की हैं। पुलिस ने शराब से लदे ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है। बरामद शराब की पेटियों पर ‘फॉर सेल इन पंजाब ओनली’ लिखा हुआ मिला है।डीएसपी जयसिंह के अनुसार, 2 अक्टूबर को पुलिस टीम धारणिया टी-प्वाइंट, बड़ोपल क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बड़ोपल पुल से गांव बड़ोपल की ओर एनएच-9 पर गुजरात नंबर का एक ट्रक संदिग्ध हालत में खड़ा है और उसमें रुई की गांठों के बीच भारी मात्रा में शराब छिपाकर ले जाई जा रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जय श्रीराम गौड़ वैष्णु भोजनालय के सामने हरे रंग के तिरपाल से ढके ट्रक को देखा। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से चालक के बारे में जानकारी ली, लेकिन चालक मौके पर नहीं मिला।इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार ट्रक की तलाशी ली। रुई की गांठों को हटाने पर उनके बीच अंग्रेजी शराब की पेटियां छिपी मिलीं। गिनती करने पर कुल 800 पेटियां बरामद हुईं।
पंजाब में बिक्री के लिए थी शराब?
पुलिस के मुताबिक शराब की पेटियों पर ‘फॉर सेल इन पंजाब ओनली’ अंकित था। ऐसे में पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
पुलिस ने शराब और ट्रक को कब्जे में लेकर थाना सदर फतेहाबाद में मामला दर्ज किया है। फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। साथ ही पुलिस इस पूरे मामले में शराब की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

