ब्यूटी पार्लर संचालिका को 500 रुपये का नोट देकर झपटी बालियां, विरोध करने पर कार से घसीटा
जालंधर, 03 अक्टूबर 2026 जीत समाचार
गुलाब देवी रोड पर आशीर्वाद देने के बहाने ब्यूटी पार्लर संचालिका के कानों से सोने के टॉप्स झपटने वाले फर्जी बाबाओं के गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना नंबर-1 की पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि वारदात में शामिल बताए जा रहे अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार 8 अगस्त को विंडसर पार्क, गुलाब देवी रोड निवासी ब्यूटी पार्लर संचालिका अनुराधा सैनी अपनी सहेली के साथ सब्जी खरीदने पहुंची थीं। इसी दौरान एक कार उनके पास आकर रुकी। कार सवार युवक ने खुद को बाबा का भक्त बताते हुए उसे बेहद पहुंचा हुआ बाबा बताया और आशीर्वाद लेने के लिए कार के पास बुलाया।
बताया गया है कि कार में बैठे व्यक्ति ने अनुराधा को आशीर्वाद देने के बहाने 500 रुपये का नोट दिया और इसी दौरान उसके कानों से सोने के टॉप्स झपट लिए। महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी कार लेकर फरार होने लगे। इस दौरान अनुराधा कुछ दूरी तक कार के साथ घिसटती चली गईं।
घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज करते हुए वारदात में इस्तेमाल कार को महज 48 घंटे के भीतर बरामद कर लिया। जांच के दौरान पुलिस को गिरोह में शामिल विशाल उर्फ पाला निवासी संतोखपुरा के बारे में जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक आरोपी वारदात के बाद फरार था।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने विशाल उर्फ पाला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में वारदात में शामिल अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी सामने आने की बात कही जा रही है। पुलिस अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर गिरोह की अन्य वारदातों में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

