मुल्लांपुर में देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट, कार सवार युवक की हत्या से दहशत
खंजरवाल-माजरी मार्ग पर आई-20 को बनाया निशाना, फायरिंग के बाद खंभे से टकराई कार; साथी ने भागकर बचाई जान
लुधियाना, 3 अक्टूबर, सुनील कुमार
मुल्लांपुर इलाके में शुक्रवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव खंजरवाल से माजरी की ओर जाने वाले रास्ते पर सफेद रंग की आई-20 कार में सवार दो युवकों पर अज्ञात हमलावरों ने कथित तौर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियां लगने से कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। फायरिंग के बाद बेकाबू हुई कार सड़क किनारे लगे खंभे से जा टकराई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
मृतक की पहचान गांव भुंदड़ी निवासी लाडी खान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसके साथ कार में माजरी निवासी रोहित उर्फ बिल्ला भी मौजूद था। फायरिंग के दौरान रोहित ने अंधेरे का फायदा उठाया और मौके से भागकर अपनी जान बचाई।
वरना कार में सवार होने की बात सामने आई
प्रारंभिक जांच के अनुसार हमलावर कथित तौर पर वरना कार में सवार होकर आई-20 कार का पीछा कर रहे थे। खंजरवाल-माजरी मार्ग पर मौका मिलते ही उन्होंने आई-20 को निशाना बनाकर गोलियां चला दीं। फायरिंग के बाद हमलावर कथित तौर पर खंजरवाल-माजरी की ओर फरार हो गए।
वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है।
हमले की वजह अभी साफ नहीं
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमलावरों ने लाडी खान को निशाना क्यों बनाया। पुलिस द्वारा वारदात के कारणों का पता लगाने के साथ-साथ हमलावरों की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस जांच के बाद ही हत्या के पीछे की असली वजह और वारदात में शामिल आरोपियों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

