लाडोवाल में पूर्व सरपंच की गोलियां मारकर हत्या, बाइक सवार हमलावरों ने बरसाईं ताबड़तोड़ गोलियां
इनोवा में सवार होकर जा रहे नवतेज सिंह उर्फ नीटू पर करीब एक दर्जन गोलियां चलाने का आरोप; डीएमसी अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
लुधियाना:03 अक्टूबर 2026 (जॉनी)
थाना लाडोवाल के अधीन आते गांव मनेवाल के पूर्व सरपंच नवतेज सिंह उर्फ नीटू (60) की गोलियां मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।प्राप्त जानकारी के अनुसार करीब शाम 7:30 बजे पूर्व सरपंच नवतेज सिंह अपनी इनोवा गाड़ी में कृष्णा नगर, घूमार मंडी की तरफ जा रहे थे। बताया जा रहा है कि जब वह लाडोवाल बाईपास से साउथ सिटी रोड पुल की तरफ जाने लगे तो रास्ते में मोटरसाइकिल पर सवार दो हमलावरों ने उनकी गाड़ी को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी।प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार हमलावरों ने नवतेज सिंह पर करीब एक दर्जन गोलियां चलाईं और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।फायरिंग की घटना के बाद आसपास के लोगों ने गंभीर रूप से घायल नवतेज सिंह को इलाज के लिए लुधियाना के डीएमसी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी सुखविंदर सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा हमले के पीछे के कारणों समेत हर पहलू को जांच के दायरे में रखा गया है।पुलिस टीम द्वारा लाडोवाल बाईपास और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज हासिल की जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
फिलहाल हत्या के पीछे कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस की जांच और CCTV फुटेज सामने आने के बाद ही वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

