केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा 5 अक्टूबर को पहुंचेंगे बिलासपुर, 6 को एम्स के पहले दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल

0

दीक्षांत समारोह के चलते 6 अक्टूबर को एम्स बिलासपुर की ओपीडी रहेगी बंद, आपातकालीन सेवाएं रहेंगी चालू

बिलासपुर, 3 अक्टूबर, जीत समाचार

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा 5 अक्टूबर को बिलासपुर पहुंचेंगे। वह 6 अक्टूबर को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) बिलासपुर के पहले दीक्षांत समारोह में मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे।

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय मंत्री 5 अक्टूबर को दिल्ली से चंडीगढ़ होते हुए बिलासपुर पहुंचेंगे। शाम करीब 5 बजे वह एयर इंडिया की उड़ान से दिल्ली से चंडीगढ़ के लिए रवाना होंगे और शाम करीब 6 बजे चंडीगढ़ पहुंचने के बाद सड़क मार्ग से बिलासपुर के विजयपुर के लिए रवाना होंगे। रात करीब 9 बजे उनके विजयपुर पहुंचने का कार्यक्रम है, जहां वह रात्रि ठहराव करेंगे।

सुबह एम्स पहुंचेंगे नड्डा

कार्यक्रम के अनुसार 6 अक्टूबर की सुबह करीब 9:40 बजे जे.पी. नड्डा विजयपुर से सड़क मार्ग के जरिए एम्स बिलासपुर के लिए रवाना होंगे। करीब 10:25 बजे एम्स पहुंचने के बाद सुबह 10:35 बजे से दोपहर 1 बजे तक पहले दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे।

प्रदेश भाजपा के सह प्रभारी स्वदेश ठाकुर ने केंद्रीय मंत्री के प्रस्तावित दौरे की जानकारी दी।

6 अक्टूबर को ओपीडी सेवाएं रहेंगी बंद

एम्स बिलासपुर प्रशासन ने पहले दीक्षांत समारोह के आयोजन को देखते हुए 6 अक्टूबर को बाह्य रोगी विभाग यानी ओपीडी सेवाएं पूरी तरह बंद रखने का निर्णय लिया है। इस दिन ओपीडी में मरीजों का पंजीकरण और नियमित चिकित्सीय परामर्श उपलब्ध नहीं रहेगा।

एम्स के रजिस्ट्रार राकेश कुमार सिंह ने मरीजों और आम लोगों से अपील की है कि वे 6 अक्टूबर को नियमित जांच अथवा चिकित्सीय परामर्श के लिए एम्स आने की योजना न बनाएं। नियमित स्वास्थ्य सेवाओं के लिए किसी अन्य दिन का समय निर्धारित करने की सलाह दी गई है।

दैनिक विज्ञापन
दैनिक विज्ञापन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed