नशा तस्करों पर लुधियाना पुलिस का बड़ा प्रहार!
16 किलो अफीम और 3.134 किलो हेरोइन बरामद, 7 आरोपी गिरफ्तार; ₹1.05 लाख ड्रग मनी सहित कार, इलेक्ट्रॉनिक कांटे और पैकिंग लिफाफे जब्त
लुधियाना, 7 अक्टूबर (विक्रम सैनी)
पंजाब सरकार की ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ मुहिम के तहत लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सप्ताह के दौरान अलग-अलग ऑपरेशनों में 16 किलो कमर्शियल अफीम और 3.134 किलो हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने इस कार्रवाई में 7 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ₹1.05 लाख ड्रग मनी, एक मारुति सुजुकी बलेनो कार, 5 इलेक्ट्रॉनिक कांटे और 80 पैकिंग लिफाफे भी जब्त किए हैं।
16 किलो अफीम के साथ आरोपी गिरफ्तार
डीसीपी इन्वेस्टिगेशन हरपाल सिंह, एडीसीपी इन्वेस्टिगेशन रुपिंदर कौर भट्टी और एसीपी डिटेक्टिव-2 दीपकरण सिंह की निगरानी में इंस्पेक्टर नवदीप सिंह के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच की टीम ने जमालपुर इलाके में कार्रवाई करते हुए कुनाल शर्मा उर्फ मुन्ना को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 16 किलो कमर्शियल अफीम, बलेनो कार और इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद किया गया। थाना जमालपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
हेरोइन के साथ ड्रग मनी भी बरामद
थाना शिमलापुरी क्षेत्र में स्पेशल सेल की टीम ने दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए 3.134 किलो हेरोइन और ₹1.05 लाख ड्रग मनी बरामद की। पुलिस ने मौके से 4 इलेक्ट्रॉनिक कांटे और 80 पैकिंग लिफाफे भी जब्त किए। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जस्पाल बांगर और हीरो सुमन नगर में CASO
पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा के निर्देशों पर नशे के हॉटस्पॉट माने जाने वाले जस्पाल बांगर और हीरो सुमन नगर में बड़े स्तर पर कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन चलाया गया। ऑपरेशन में विभिन्न पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ क्राइम विंग की टीमें शामिल रहीं।
पुलिस ने जांच के लिए 42 संदिग्धों को हिरासत में लिया, जबकि 8 व्यक्तियों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज किए जाने की कार्रवाई की जा रही है।
अब निशाने पर अंतरराज्यीय सप्लाई नेटवर्क
पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने कहा कि ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। पुलिस का लक्ष्य स्थानीय तस्करों के साथ-साथ नशे की सप्लाई करने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क तक पहुंचना है।
गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों के वित्तीय लेन-देन और नशे से अर्जित संपत्तियों की भी जांच की जा रही है।
लुधियाना पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब जांच का अगला निशाना कौन और कहां तक फैला है नशे का नेटवर्क—आने वाले दिनों में इसका खुलासा होने की उम्मीद है।

