शिमलापुरी जनता नगर डबल मर्डर: 24 घंटे में पर्दाफाश, कर्जदार भतीजे ने ही किया था बुआ-फूफा का कत्ल
Views: 34
लुधियाना 02 जून 2026 | कमल पवार
लुधियाना शिमलापुरी के जनता नगर में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे में पर्दाफाश कर दिया है। कर्ज में डूबे भतीजे प्रदीप सिंह (34) ने ही अपने बुजुर्ग बुआ-फूफा की बेरहमी से हत्या की थी। पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने न्यू अंगद कॉलोनी निवासी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल लोहे का बेयरिंग भी बरामद हुआ है।
कर्ज ने बनाया हैवान
पूछताछ में सामने आया कि प्रदीप कर्ज के बोझ तले दबा था। काम-धंधा नहीं था, कार भी गिरवी थी। हरमीत कौर उसकी दूर की बुआ थीं। वह अक्सर मदद के नाम पर पैसे ले जाता था। 28 मई शाम 6 बजे वह बुआ के घर पहुंचा। पैसे मांगने पर पहले मना किया, फिर एक हजार दिए गए। इसी दौरान अलमारी में पैसे देखकर उसकी नीयत खराब हो गई।
खौफनाक वारदात का तरीका
जांच अधिकारियों के अनुसार, आरोपी को पता था कि बुजुर्ग दंपती घर में अकेले रहते हैं। पांचों बेटियां विदेश में बसी हैं। पैसे देखकर गुस्से में आकर प्रदीप ने लोहे के बेयरिंग से फूफा कुलदीप सिंह और बुआ हरमीत कौर के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए। संभलने का मौका नहीं दिया। सांसें थमने तक वार करता रहा।
लूटपाट कर हुआ फरार
हत्याकांड के बाद प्रदीप ने अलमारी से 60 हजार रुपये समेटे। हरमीत कौर के कानों से सोने की बालियां और हाथों से कड़े भी नोच लिए। वारदात को चोरी का रूप देने के लिए दंपती के दो मोबाइल वहीं फेंक दिए। पीछे के रास्ते से भाग गया।
पुलिस की जांच और गिरफ्तारी
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि 28 मई शाम को वारदात हुई थी। 30 मई सुबह तक किसी को पता नहीं चला। बेटी के फोन करने पर रिश्तेदारों ने घर जाकर देखा तो दोनों मृत पड़े थे। पुलिस ने कई थ्योरी पर जांच कर आरोपी को काबू किया। लूटे गए पैसे और जेवर का पता लगाया जा रहा है।
“Jeet Samachar Daily Hindi Newspaper Ludhiana – RNI PUNHIN/2013/60106. Read today’s e-paper online at zeetsamachar.com”
