बारिश ने खोली स्मार्ट सिटी की पोल | गुरदेव नगर में धंसी सड़क, गड्ढे में गिरी कार पलटी

0

Views: 7

बाल-बाल बचा चालक, समय रहते कार से निकला बाहर | मौके पर पहुंचे अधिकारी

लुधियाना, 30 जुलाई (अरुण कुमार)

लगातार हो रही बारिश ने एक बार फिर लुधियाना के सिविक इंफ्रास्ट्रक्चर और सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गुरदेव नगर स्थित हीरो बेकरी के पीछे वाली गली में वीरवार को अचानक सड़क का बड़ा हिस्सा धंस गया। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक कार सड़क धंसने से बने गड्ढे में गिरकर पलट गई। गनीमत रही कि चालक समय रहते कार से बाहर निकल गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फैक्टरी मालिक शिवम गुप्ता की कार का चालक बारिश के दौरान गली से गुजर रहा था। इसी बीच आसपास मौजूद लोगों ने देखा कि कार का अगला हिस्सा धीरे-धीरे सड़क में धंसने लगा। लोगों ने तुरंत चालक को आवाज देकर कार से बाहर निकलने के लिए कहा। चालक के बाहर आते ही सड़क का हिस्सा भरभराकर धंस गया और पूरी कार गड्ढे में समाकर पलट गई।

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही नगर निगम और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्षतिग्रस्त सड़क के आसपास बैरिकेडिंग कर क्षेत्र को बंद कर दिया गया और मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया। घटना के कारण कुछ समय तक क्षेत्र में यातायात भी प्रभावित रहा।

बारिश से बढ़ा सड़क धंसने का खतरा

विशेषज्ञों के अनुसार लगातार बारिश के कारण भूमिगत मिट्टी कमजोर होने, सीवरेज लाइनों में रिसाव और पानी के दबाव से कई स्थानों पर सड़क धंसने का खतरा बढ़ जाता है। गुरदेव नगर की यह घटना शहर की सड़कों, सीवरेज नेटवर्क और भूमिगत यूटिलिटी सिस्टम की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि शहर की संवेदनशील सड़कों और भूमिगत ढांचे का तकनीकी सर्वे कराया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।

पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने सरकार पर साधा निशाना

घटना के बाद पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पंजाब सरकार और स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने इसे तथाकथित ‘स्मार्ट सिटी लुधियाना’ की वास्तविक तस्वीर बताते हुए कहा कि एक ही बारिश ने विकास कार्यों और इंफ्रास्ट्रक्चर की गुणवत्ता की पोल खोल दी है।

बिट्टू ने लिखा कि शहर में सड़कें धंस रही हैं, गलियां जलमग्न हैं और आम नागरिकों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। उन्होंने सवाल किया कि क्या यही वह स्मार्ट सिटी मॉडल है, जिसका वादा लुधियाना के लोगों से किया गया था। साथ ही उन्होंने मामले की जवाबदेही तय कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed