नगर निगम की बिल्डिंग ब्रांच में कथित खेल! ब्लॉक-28 में बिना नक्शे के खड़ी हो रही बिल्डिंग?
नक्शा पास नहीं या कंपाउंडिंग फीस का खेल?पार्किंग की व्यवस्था कहां? सड़क पर कब्जा होगा या बिल्डिंग मालिक ने छोड़ी है निर्धारित जगह? बिल्डिंग ड्राफ्टमैन इंस्पेक्टर की भूमिका पर उठे सवाल
लुधियाना,2 नवंबर 2026 (शर्मा)
नगर निगम लुधियाना की बिल्डिंग ब्रांच में कथित अनियमितताओं का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा। जीत समाचार पहले भी बिल्डिंग ब्रांच में चल रहे कथित खेलों को लेकर कई खबरें प्रकाशित कर चुका है। अब एक और मामला नगर निगम के जोन-A के ब्लॉक नंबर-28 से सामने आया है, जहां निर्माणाधीन बिल्डिंग के नक्शे, और पार्किंग व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या संबंधित बिल्डिंग का नक्शा वास्तव में पास है? सूत्रों के मुताबिक, इस बिल्डिंग का नक्शा पास होने के बजाय कंपाउंडिंग फीस के नाम पर कथित खेल किए जाने की बात सामने आ रही है। यदि यह जानकारी सही है तो नगर निगम प्रशासन को स्पष्ट करना होगा कि आखिर इस बिल्डिंग का निर्माण किस कानूनी आधार पर आगे बढ़ रहा है?
पार्किंग का इंतजाम कहां? सड़क की चौड़ाई कितनी?
आज की इस पड़ताल में जीत समाचार का मुख्य फोकस बिल्डिंग की पार्किंग व्यवस्था पर है। बिल्डिंग बायलॉज के अनुसार निर्माण में निर्धारित जगह छोड़ना और आवश्यक पार्किंग व्यवस्था करना जरूरी होता है।लेकिन ब्लॉक-28 की इस बिल्डिंग को लेकर सवाल है कि यहां वाहनों की पार्किंग के लिए कितनी जगह निर्धारित की गई है? सड़क की वास्तविक चौड़ाई कितनी है? क्या स्वीकृत नक्शे में पार्किंग दिखाई गई है और क्या मौके पर भी वही व्यवस्था मौजूद यदि बिल्डिंग में आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं है तो क्या भविष्य में सड़क पर ही वाहन खड़े होंगे? इसका खामियाजा आम लोगों को क्यों भुगतना पड़े?
बिल्डिंग ड्राफ्टमैन इंस्पेक्टर की जिम्मेदारी कौन तय करेगा?
जोन-A में तैनात बिल्डिंग इंस्पेक्टर और हेड ड्राफ्टमैन वालिया की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।आखिर बिल्डिंग ब्रांच के अधिकारियों की जिम्मेदारी क्या है? क्या निर्माण शुरू होने से लेकर बिल्डिंग तैयार होने तक मौके पर निरीक्षण किया जाता है? यदि किसी निर्माण में नियमों का उल्लंघन हो रहा है तो संबंधित अधिकारी समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं करते?एक अधिकारी की ओर से कथित तौर पर यह तर्क दिया जाना कि लुधियाना में ऐसी बहुत सी इमारतें बनी हुई हैं, अपने आप में गंभीर सवाल खड़ा करता है।
बिल्डिंग ब्रांच के अधिकारी ही अगर जिम्मेदारी से भागेंगे तो नियमों का पालन कौन करवाएगा?
सूत्रों के अनुसार, जोन-ए में बिल्डिंग ड्राफ्टमैन इंस्पेक्टर वालिया की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि जब बिल्डिंग ब्रांच के अधिकारियों की जिम्मेदारी ही निर्माण कार्यों पर निगरानी रखने और नियमों का पालन करवाने की है, तो फिर ऐसी इमारतों के मामले में सवाल क्यों खड़े हो रहे हैं?विभाग के एक अधिकारी की ओर से कथित तौर पर यह तर्क भी दिया गया कि लुधियाना में ऐसी इमारतें तो बहुत हैं। लेकिन सवाल यह है कि क्या शहर में पहले से नियमों के विपरीत बनी इमारतों का हवाला देकर नई इमारतों को भी नियमों से छूट दी जा सकती है?
PCS अधिकारी बोले– जांच करवाकर होगी कार्रवाई
इस मामले को लेकर जब बिल्डिंग ब्रांच के PCS अधिकारी से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि वह संबंधित बिल्डिंग की जांच करवाएंगे और जो भी कानूनी कार्रवाई बनती होगी, वह करवाई जाएगी।वहीं नगर निगम कमिश्नर से भी इस बिल्डिंग के संबंध में बात की गई। कमिश्नर ने कहा कि उन्होंने बिल्डिंग के बारे में जानकारी ली है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अगली स्टोरी में खुलेगा बिल्डिंग का पूरा हिसाब!
जीत समाचार इस मामले को यहीं समाप्त नहीं करेगा। जल्द ही ब्लॉक-28 की इस बिल्डिंग की दूसरी पड़ताल भी पाठकों के सामने रखी जाएगी। इसमें नक्शे की स्थिति, कंपाउंडिंग फीस, पार्किंग व्यवस्था, सड़क की चौड़ाई और नगर निगम के रिकॉर्ड से जुड़े सवालों को विस्तार से उठाया जाएगा।
अब देखना यह है कि नगर निगम कमिश्नर द्वारा दिए गए जांच के आश्वासन के बाद मौके पर वास्तव में कार्रवाई होती है या मामला भी अन्य शिकायतों की तरह फाइलों में दबकर रह जाता है।
एक तरफ सरकार को राजस्व मिलना चाहिए, दूसरी तरफ बिल्डिंग का निर्माण भी कानून के अनुसार होना चाहिए। आखिर नियमों का पालन करवाने की जिम्मेदारी किसकी है?
जीत समाचार का अगला खुलासा जल्द… ब्लॉक-28 की बिल्डिंग का नक्शा, कंपाउंडिंग और पार्किंग का पूरा हिसाब जनता के सामने आएगा!
जीत समाचार — सवाल भी पूछेंगे, दस्तावेज भी दिखाएंगे और जवाबदेही भी मांगेंगे।

