एचआईवी-एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने में आईएचएम के रेड रिबन क्लब की पहल
गांधी चौक से भोटा चौक तक निकाली जागरूकता रैली, स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्त समाज का दिया संदेश
हमीरपुर, 31 अक्तूबर (जीत समाचार)
एचआईवी-एड्स के प्रति आम लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से होटल प्रबंधन संस्थान (आईएचएम), हमीरपुर का रेड रिबन क्लब भी सराहनीय पहल कर रहा है। इसी कड़ी में संस्थान के रेड रिबन क्लब ने 29 अक्तूबर को हमीरपुर शहर में गांधी चौक से भोटा चौक तक जागरूकता रैली निकाली।
रैली में संस्थान के विभागाध्यक्ष पुनीत बंटा, सोशल एक्टिविटी कोऑर्डिनेटर परनीश कुमार पठानिया, फैकल्टी सदस्य शशांक शर्मा, रोमी शर्मा, विक्रांत चौहान, नरेश कुमार और संस्थान के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर पुनीत बंटा ने बताया कि रैली का मुख्य उद्देश्य आम जनता को एचआईवी-एड्स की रोकथाम एवं बचाव के प्रति जागरूक करना था। इसके साथ ही लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश भी दिया गया।
उन्होंने कहा कि इस तरह की जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से समाज में स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी पहुंचाने और लोगों को जागरूक बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

