सिटीनीड्स दान उत्सव: जरूरतमंदों को बांटी गई 1.5 लाख से अधिक कपड़ों सहित हजारों वस्तुएं
नगर निगम और एक्ट ह्यूमेन के सहयोग से इंडोर स्टेडियम में हुआ वितरण समारोह; मेयर इंद्रजीत कौर और DC हिमांशु जैन ने की सामाजिक पहल की सराहना
लुधियाना, 31 अक्टूबर (जीत समाचार)
जरूरतमंदों की मदद और समाज में पुनः उपयोग की संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सिटीनीड्स दान उत्सव का वितरण समारोह शनिवार को लुधियाना के इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया गया। नगर निगम लुधियाना और एक्ट ह्यूमेन के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में मेयर प्रधान इंद्रजीत कौर, डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन (IAS), पद्मश्री एस. ओंकार सिंह पाहवा, चेयरमैन एवोन साइकिल्स और नगर निगम के असिस्टेंट कमिश्नर जसदेव सिंह सेखों विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस वर्ष दान उत्सव की शुरुआत 2 अक्टूबर को हुई थी। इसके तहत शहर के 80 से अधिक कलेक्शन सेंटरों पर नागरिकों, शिक्षण संस्थानों और विद्यार्थियों ने जरूरतमंदों के लिए उपयोग योग्य कपड़े, जूते, बिस्तर, बर्तन, राशन, खिलौने, मेडिकल सामग्री, घरेलू उपकरण और ई-वेस्ट जमा करवाया।
1.5 लाख से अधिक कपड़े और हजारों उपयोगी वस्तुएं एकत्रित
इस वर्ष दान उत्सव के दौरान 1,50,000 से अधिक कपड़े, 7,500 खिलौने, 5,000 जोड़ी जूते, 2,000 बिस्तर, 2,500 बर्तन और 1,000 घरेलू उपकरणों सहित राशन, मेडिकल सामग्री और ई-वेस्ट एकत्रित किया गया।
एकत्रित सामग्री को मार्शल एड फाउंडेशन के स्वयंसेवकों द्वारा अलग-अलग श्रेणियों में छांटा गया और इसके बाद लुधियाना की विभिन्न गैर-सरकारी संस्थाओं (NGOs) को वितरित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान स्वयंसेवकों के लिए एक नूर सेवा केंद्र की ओर से ‘नेकी की रसोई’ के माध्यम से निःशुल्क भोजन की व्यवस्था भी की गई।
मेयर इंद्रजीत कौर ने की नागरिकों से सहयोग की अपील
मेयर प्रधान इंद्रजीत कौर ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि दान उत्सव सामाजिक भागीदारी, आपसी सहयोग और पर्यावरण संरक्षण की भावना का बेहतरीन उदाहरण है। उन्होंने शहरवासियों से जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए आगे आने और ऐसे सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से जरूरतमंद परिवारों को सहायता मिलने के साथ-साथ उपयोगी वस्तुओं को दोबारा इस्तेमाल में लाने की संस्कृति भी मजबूत होती है।
DC हिमांशु जैन ने संस्थाओं और स्वयंसेवकों को सराहा
डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने सिटीनीड्स, सहयोगी NGOs, शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवकों और सभी कलेक्शन सेंटरों के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस पहल ने जरूरतमंदों की सहायता करने के साथ नागरिकों को टिकाऊ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित किया है।
नगर निगम के असिस्टेंट कमिश्नर जसदेव सिंह सेखों ने सभी NGOs, कलेक्शन सेंटरों, शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों, फैकल्टी सदस्यों और स्वयंसेवकों का स्वागत करते हुए कहा कि नगर निगम भारत सरकार की ओर से शुरू की गई RRR यानी Reduce, Reuse और Recycle की अवधारणा को बढ़ावा दे रहा है।
पंजाब NGO डिजिटाइजेशन मिशन के तहत 15 संस्थाओं को प्रमाणपत्र
कार्यक्रम के दौरान पंजाब NGO डिजिटाइजेशन मिशन के तहत क्षमता निर्माण कार्यक्रम में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली 15 NGOs को डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने प्रमाणपत्र प्रदान किए। इन संस्थाओं को सिटीनीड्स वेबसाइट पर भी पंजीकृत किया गया है।
सामाजिक सुरक्षा एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से शुरू यह पहल अब राज्यव्यापी अभियान बन चुकी है, जिसके तहत पंजाब के विभिन्न जिलों की 150 NGOs को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी वरिंदर तिवाना ने बताया कि सिटीनीड्स के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं एवं लड़कियों, बच्चों और दिव्यांगजनों के लिए काम करने वाली संस्थाओं को पंजाब NGO डिजिटाइजेशन मिशन के तहत डिजिटल किया जा रहा है।
कई संस्थाओं और उद्योग संगठनों ने लिया हिस्सा
इस समारोह में विभिन्न NGOs, शिक्षण संस्थानों और औद्योगिक संगठनों ने भाग लिया। इनमें FICO की ओर से गुरमीत सिंह कुलार तथा यूनाइटेड साइकिल पार्ट्स मैन्युफैक्चरर एसोसिएशन के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।
सिटीनीड्स के संस्थापक निदेशक मनीत दीवान ने सभी अतिथियों, मीडिया प्रतिनिधियों, NGOs और स्वयंसेवकों का धन्यवाद किया। उन्होंने बताया कि सिटीनीड्स एक ऑनलाइन क्राउडफंडिंग प्लेटफॉर्म है, जो NGOs की परियोजनाओं को लोगों तक पहुंचाने और उन्हें अपने शहर के नजदीकी दानदाताओं एवं स्वयंसेवकों से जोड़ने का प्रयास करता है।
अधिक जानकारी के लिए नागरिक www.cityneeds.info पर जा सकते हैं।
इस आयोजन को MAAC का सहयोग मिला, जबकि Do Good Foundation, Daswandh Foundation, Mona Leaves Kayari, LeafBerry और 1000thingsinLudhiana ने भी इसमें योगदान दिया।

