ऐतिहासिक चौगान को बचाने के लिए आमरण अनशन की चेतावनी, काली दास बोले—’जनता पर तुगलकी फरमान नहीं चलेगा’
Views: 9
ऐतिहासिक चौगान को बचाने के लिए आमरण अनशन की चेतावनी, काली दास बोले—’जनता पर तुगलकी फरमान नहीं चलेगा’
जयसिंहपुर, 13 अगस्त (अभिषेक, जीत समाचार)। जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के करीब 300 वर्ष पुराने ऐतिहासिक चौगान को लेकर आम आदमी पार्टी ने प्रशासन और सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने की चेतावनी दी है। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता **काली दास** ने ऐतिहासिक चौगान का दौरा कर वहां डाली गई रेत-बजरी, पत्थरों तथा टैक्सी स्टैंड को लेकर कड़ा विरोध जताया।
काली दास ने आरोप लगाया कि सरकार ऐतिहासिक चौगान के मूल स्वरूप और अस्तित्व को समाप्त करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी चौगान में इनडोर स्टेडियम बनाने का प्रयास किया गया था, लेकिन आम आदमी पार्टी और स्थानीय जनता के विरोध के बाद उस प्रस्ताव में बदलाव करना पड़ा था। उनका आरोप है कि अब प्रशासन को आगे करके चौगान को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने मांग की कि ऐतिहासिक चौगान में किसी भी प्रकार का स्थायी निर्माण नहीं किया जाए तथा वहां पड़ी ईंट, पत्थर और बजरी को तत्काल हटाया जाए। साथ ही उन्होंने टैक्सी संचालकों के लिए चौगान से बाहर किसी उपयुक्त, सुरक्षित और सुविधाजनक स्थान पर टैक्सी स्टैंड उपलब्ध करवाने की मांग रखी।
काली दास ने कहा कि **ऐतिहासिक चौगान केवल खाली भूमि नहीं, बल्कि जयसिंहपुर की पहचान, विरासत और लोगों की भावनाओं से जुड़ा स्थान है।** इसके संरक्षण की जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की है। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर ऐतिहासिक धरोहर के स्वरूप के साथ खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा।
आप नेता ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि स्थानीय विधायक, मंत्री और प्रशासन अपनी जिद पर अड़े रहे और चौगान से निर्माण सामग्री तथा टैक्सी स्टैंड को हटाने की दिशा में कदम नहीं उठाया गया, तो वह **आम आदमी पार्टी की ओर से चौगान को बचाने के लिए भूख हड़ताल और आमरण अनशन** शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
उन्होंने स्थानीय जनता से भी ऐतिहासिक चौगान के संरक्षण के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। काली दास ने कहा कि आम आदमी पार्टी जयसिंहपुर की ऐतिहासिक विरासत को बचाने के लिए हर लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण कदम उठाएगी।
