लुधियाना के घुमारमंडी में मोबाइल शोरूम में बड़ी चोरी, 100 स्मार्टफोन ले उड़े चोर

0

Views: 5

लुधियाना 18 अगस्त (विक्रम सैनी)

लुधियाना के पॉश इलाके घुमारमंडी स्थित मोबाइल मार्केट में चोरों ने क्लासिक गिफ्ट शोरूम का शटर उखाड़कर करीब 100 महंगे स्मार्टफोन चोरी कर लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मोबाइल के खाली डिब्बे दुकान में ही छोड़ गए और फोन बैग में भरकर फरार हो गए। पूरी घटना शोरूम में लगे सी सी टी वी कैमरों में कैद हो गई है।मंगलवार सुबह शोरूम मालिक योगेश खोसला दुकान पर पहुंचे तो शटर बीच से मुड़ा हुआ था। शटर खोलने पर अंदर मोबाइल के खाली डिब्बे बिखरे मिले और महंगे फोन गायब थे। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

सी सी टी वी में ऐसे सामने आई पूरी वारदात

पैदल पहुंचे पांच चोर: सीसीटीवी फुटेज में रात के समय पांच संदिग्ध पैदल शोरूम के बाहर पहुंचते दिखाई दिए।

सबल से उखाड़ा शटर: आरोपियों ने लोहे की भारी रॉड यानी सबल की मदद से शटर को बीच से उखाड़ दिया।

एक साथी अंदर गया: शटर खुलने के बाद एक आरोपी अंदर दाखिल हुआ, जबकि उसके चार साथी वहां से हट गए।

20 मिनट में समेटा माल: अंदर घुसे आरोपी ने करीब 20 मिनट में दुकान का आधे से ज्यादा सामान समेट लिया।

डिब्बे छोड़े, फोन ले गए: आरोपियों ने सैमसंग, ओप्पो, वीवो समेत अन्य कंपनियों के करीब 100 मोबाइल फोन डिब्बों से निकालकर बैग में भर लिए और खाली डिब्बे दुकान में ही छोड़ दिए।

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शोरूम मालिक के बयानों के आधार पर FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने शोरूम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरा की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर पांचों संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा इलाके में छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *