जीत समाचार | LIVE EXCLUSIVE सील के बाद भी ‘पौड़ी’ से अंदर घुसे मजदूर! Zone-A की ब्लॉक-25 बिल्डिंग में फिर काम का आरोप
Views: 19
सील लगी रही बाहर, अंदर चलता रहा काम? कमिश्नर बोले—सच पाया गया तो होगी कानूनी कार्रवाई, इंस्पेक्टर से भी होगी पूछताछ
लुधियाना 04 सितंबर 2026 विक्की कुमार
नगर निगम Zone-A की बिल्डिंग ब्रांच में सील की गई बिल्डिंगों की निगरानी को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ब्लॉक-25 की जिस बिल्डिंग को सील किया गया था, वहां सील के बावजूद पौड़ी लगाकर मजदूरों के अंदर जाने और काम किए जाने का मामला सामने आया है।जीत समाचार के पास मौजूद ताजा तस्वीरों में बिल्डिंग के बाहर पौड़ी लगी दिखाई दे रही है। आरोप है कि इसी रास्ते से मजदूर अंदर जाकर काम कर रहे थे।
सील लगी थी तो अंदर काम कैसे?
नगर निगम द्वारा किसी बिल्डिंग को सील किए जाने के बाद उसके अंदर निर्माण कार्य जारी रहना गंभीर सवाल खड़े करता है। यदि बिल्डिंग वास्तव में सील थी और उसके बावजूद अंदर काम हुआ, तो सवाल सीधा है—
1 सील की निगरानी कौन कर रहा था?
2 मजदूर अंदर कैसे पहुंचे?
3 बाहर पौड़ी किसने लगाई?
4 और जिम्मेदार अधिकारी को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई?
कमिश्नर ने लिया संज्ञान—इंस्पेक्टर से होगी पूछताछ
इस मामले में जीत समाचार ने नगर निगम कमिश्नर से भी बात की। कमिश्नर ने स्पष्ट कहा कि यदि मौके पर वास्तव में सील लगी बिल्डिंग के अंदर पौड़ी लगाकर काम होता हुआ पाया गया है तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।कमिश्नर ने यह भी कहा कि संबंधित बिल्डिंग इंस्पेक्टर से पूछताछ की जाएगी कि जब बिल्डिंग सील की गई थी तो अंदर काम कैसे चल रहा था।अब यह बयान इस मामले को और गंभीर बना देता है, क्योंकि जांच का सवाल सीधे बिल्डिंग ब्रांच की निगरानी व्यवस्था तक पहुंच गया है।
इंस्पेक्टर लकी ने भी दिया कार्रवाई का भरोसा
इससे पहले जब जीत समाचार ने बिल्डिंग इंस्पेक्टर लकी से इस संबंध में बात की तो उन्होंने मामले में कार्रवाई करने का भरोसा दिया था। अब देखना यह है कि वादा मौके पर कार्रवाई में बदलता है या मामला केवल बयान और आश्वासन तक सीमित रहता है।
बाहर सील, बाहर पौड़ी और अंदर काम—यह कैसी निगरानी?
अगर जांच में यह बात सही साबित होती है कि सील लगी बिल्डिंग में मजदूर अंदर जाकर निर्माण कार्य कर रहे थे, तो यह केवल बिल्डिंग मालिक की जिम्मेदारी का मामला नहीं रहेगा। सील के बाद निगरानी में लापरवाही हुई या नहीं, इसकी जिम्मेदारी भी तय करनी होगी।नगर निगम को यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि बिल्डिंग को दोबारा सील करने के बाद मौके पर कितनी बार निरीक्षण किया गया और निरीक्षण के दौरान क्या रिपोर्ट तैयार की गई।
अब तस्वीरें सवाल पूछ रही हैं
जीत समाचार द्वारा दिखाई जा रही ताजा तस्वीरों में ब्लॉक-25 की सील बिल्डिंग के बाहर पौड़ी दिखाई दे रही है। अंदर काम होने के आरोपों की सच्चाई मौके की जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। लेकिन सवाल अब बड़ा है—
जब बिल्डिंग सील थी, तो मजदूर अंदर कैसे पहुंचे?
कमिश्नर ने कार्रवाई और इंस्पेक्टर से पूछताछ की बात कही है। अब जनता की नजर इस बात पर है कि Zone-A बिल्डिंग ब्रांच इस मामले में वास्तव में क्या कार्रवाई करती है।
जीत समाचार इस मामले की आगे की कार्रवाई पर भी नजर रखेगा।
