बागेश्वर धाम की हनुमंत कथा को लेकर ट्रैफिक प्लान जारी
26 से 30 सितंबर तक चंडीगढ़ रोड पर रहेगा डायवर्शन; भारी वाहनों की एंट्री पर रोक
लुधियाना, 25 सितंबर | जीत समाचार
बागेश्वर धाम सरकार पंडित धीरेंद्र शास्त्री द्वारा 26 से 30 सितंबर तक चंडीगढ़ रोड स्थित ग्लाडा ग्राउंड में पांच दिवसीय श्री हनुमंत कथा का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस विभाग ने ट्रैफिक व्यवस्था और पार्किंग को लेकर रूट एवं डायवर्शन प्लान जारी किया है।
पुलिस के अनुसार यह ट्रैफिक प्लान कथा के पांचों दिन लागू रहेगा। आवश्यकता पड़ने पर मौके की स्थिति के अनुसार इसमें बदलाव भी किया जा सकता है।
भारी वाहनों के लिए डायवर्जन
दोपहर 1 बजे से भारी वाहनों को कोहाड़ा चौक से साहनेवाल की ओर डायवर्ट किया जाएगा। चंडीगढ़ रोड पर कोहाड़ा से आगे भारी वाहनों की एंट्री बंद रहेगी।
वहीं, जालंधर बाईपास चौक से चंडीगढ़ रोड की ओर आने वाले भारी वाहनों को समराला चौक से ट्रांसपोर्ट नगर, ओसवाल चौक, शेरपुर चौक और ग्यासपुरा चौक होते हुए साहनेवाल तथा कोहाड़ा की ओर भेजा जाएगा।
हल्के वाहनों के लिए भी रूट तय
पुलिस ने जमालपुर चौक को भी डायवर्जन प्वाइंट बनाया है। यहां से हल्के वाहनों को मेट्रो रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
चंडीगढ़ रोड से जुड़ी अन्य सड़कों पर भी केवल हल्के वाहनों की आवाजाही की अनुमति रहेगी।
श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग व्यवस्था
आम श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग की व्यवस्था मोहिनी रिजॉर्ट के साथ वाली पार्किंग, एवरेस्ट स्कूल तथा ग्लाडा ग्राउंड में की गई है।
वहीं, वीआईपी वाहनों के लिए आयोजन स्थल के नजदीक श्री राम दरबार मंदिर के बाहर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
पुलिस विभाग ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि कथा के दौरान निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन करें, ताकि यातायात को सुचारु बनाए रखने में सहयोग मिल सके।

