अंदरौली में पर्यटन विकास को लेकर उपायुक्त ने किया निरीक्षण

0

गोविंद सागर झील क्षेत्र में वाटर स्पोर्ट्स और साहसिक पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर

ऊना, 26 सितंबर। शर्मा

अंदरौली में पर्यटन एवं वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों के विस्तार की संभावनाओं को धरातल पर साकार करने के उद्देश्य से उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने शनिवार को गोविंद सागर झील क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में उपलब्ध पर्यटन संभावनाओं, प्रस्तावित गतिविधियों तथा आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों के साथ विकास कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा की।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने एशियन विकास बैंक तथा पर्यटन बोर्ड के अधिकारियों के साथ क्षेत्र में पर्यटन और वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों को विकसित करने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण अंदरौली क्षेत्र की संभावनाओं का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाए तथा आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए।

उपायुक्त ने बताया कि अंदरौली में वाटर स्पोर्ट्स और अन्य खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए केटीडीएस द्वारा टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों के विकसित होने से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र में पैरामोटरिंग साइट चिन्हित करने के निर्देश भी दिए, ताकि साहसिक पर्यटन को बढ़ावा दिया जा सके और पर्यटकों के लिए नई गतिविधियां विकसित की जा सकें।

इसके बाद उपायुक्त ने अंदरौली स्थित एथनोबोटैनिकल पार्क का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पार्क में मरम्मत एवं रखरखाव सहित अन्य आवश्यक कार्य करवाने के लिए डीएफओ ऊना को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पार्क को बेहतर स्वरूप प्रदान करने से पर्यटकों को आकर्षित करने के साथ-साथ क्षेत्र की जैव विविधता और पारंपरिक वनस्पतियों से भी लोगों को परिचित करवाने में मदद मिलेगी।

उपायुक्त ने कहा कि अंदरौली क्षेत्र में पर्यटन, वाटर स्पोर्ट्स, साहसिक गतिविधियों और प्राकृतिक आकर्षणों को एक साथ विकसित कर इसे प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए क्षेत्र के समग्र पर्यटन विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर डीएफओ विकल्प यादव, जिला पर्यटन अधिकारी रवि धीमान, तहसीलदार अमित कुमार, बीडीओ के.एल. वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

दैनिक विज्ञापन
दैनिक विज्ञापन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed