नादौन में चिट्टा विरोधी रैली निकाली, सफाई अभियान भी चलाया

0

Views: 6

जीत समाचार:नादौन 03 फरवरी।सतीश शर्मा विट्टू

रैडक्रॉस सोसाइटी की उपमंडल इकाई ने मंगलवार को यहां विभिन्न शिक्षण संस्थानों एवं अन्य संस्थाओं के सहयोग से चिट्टा विरोधी रैली निकाली और उसके बाद ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल ध्यानू भक्त की समाधि तथा इसके आस-पास के क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया।

एसडीएम एवं उपमंडलीय रैडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष निशांत शर्मा ने चिट्टा विरोधी रैली को मिनी सचिवालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद यह रैली नादौन कस्बे के विभिन्न क्षेत्रों से होती हुई ध्यानू भक्त के समाधि स्थल पर पहुंची। इस रैली में रैडक्रॉस सोसाइटी के सदस्यों, अधिकारियों-कर्मचारियों, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के एनएसएस वॉलंटियरों, एनसीसी के कैडेटों, स्काउट्स एवं गाइड्स, व्यापार मंडल और अन्य संस्थाओं के कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर आम लोगों को नशे का विरोध करने का संदेश दिया।

इसके बाद इन्होंने ध्यानू भक्त की समाधि और इसके आस-पास के पूरे क्षेत्र में झाड़ियों तथा कचरे को हटाया।इस रैली एवं सफाई अभियान में भाग लेने वाले सभी अधिकारियों-कर्मचारियों, अन्य लोगों तथा विद्यार्थियों का धन्यवाद करते हुए एसडीएम निशांत शर्मा ने कहा कि नशे की समस्या को पूरी तरह खत्म करने के लिए प्रत्येक नागरिक को आगे आना होगा।

इसी प्रकार, संपूर्ण स्वच्छता के लक्ष्यों को केवल जन सहयोग से ही हासिल किया जा सकता है। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के नई दिशा केंद्र की काउंसलर ने भी नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी। इस अभियान में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश भारद्वाज, जिला भाषा अधिकारी संतोष कुमार पटियाल, तहसीलदार रोहित कंवर, बाल विकास परियोजना अधिकारी संजय गर्ग, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी रमन शर्मा, अन्य अधिकारियों, शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों, व्यापार मंडल के अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारियों, आंगनवाड़ी एवं आशा वर्कर्स और अन्य लोगों ने भी भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *