एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया की सख्त कार्रवाई को जनता का समर्थन, नशेड़ियों के अड्डों पर चला पीला पंजा

0

Views: 51

रेलवे स्टेशन के पास खंडहर बने क्वार्टर ढहाए, “युद्ध नशों के विरुद्ध” मुहिम के तहत बड़ी कार्रवाई

खन्ना, 22 जून:कमल पवार

पंजाब सरकार की “युद्ध नशों के विरुद्ध” मुहिम को जमीनी स्तर पर सफल बनाने के लिए डॉ. दर्पण आहलूवालिया के नेतृत्व में खन्ना पुलिस लगातार सख्त कदम उठा रही है। इसी कड़ी में रेलवे स्टेशन के नजदीक स्थित वीरान पड़े खंडहरनुमा क्वार्टरों और खाली इमारतों पर प्रशासन का पीला पंजा चला।

इन स्थानों के बारे में लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि यहां नशेड़ी और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। पुलिस और सिविल प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई के दौरान इन खंडहरों को साफ करवाया गया और कई संदिग्ध स्थानों को चिन्हित कर ध्वस्त किया गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के खात्मे के लिए केवल तस्करों पर कार्रवाई करना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उन ठिकानों को भी खत्म करना जरूरी है जहां नशेड़ी इकट्ठा होते हैं और गैर-कानूनी गतिविधियों को अंजाम देते हैं।

इस कार्रवाई का नेतृत्व विनोद कुमार ने किया। कार्रवाई के बाद शहरवासियों ने राहत की सांस ली और पुलिस की इस पहल की सराहना की। स्थानीय लोगों का कहना है कि ये वीरान इमारतें लंबे समय से नशेड़ियों के अड्डे बनी हुई थीं, जिससे आसपास के लोग असुरक्षित महसूस करते थे।

लोगों ने कहा कि जब से डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने जिले की कमान संभाली है, नशों के खिलाफ अभियान को नई दिशा और गति मिली है। लगातार नशा तस्करों पर केस दर्ज किए जा रहे हैं और उनके ठिकानों को भी खत्म किया जा रहा है।

पुलिस प्रशासन ने साफ किया कि “युद्ध नशों के विरुद्ध” अभियान सिर्फ एक सरकारी मुहिम नहीं, बल्कि समाज को नशा-मुक्त बनाने की दिशा में एक व्यापक जन आंदोलन है। आने वाले दिनों में शहर और गांवों में ऐसे अन्य अड्डों की भी पहचान कर कार्रवाई जारी रखी जाएगी।

खन्ना के नागरिकों ने उम्मीद जताई कि अगर नशे के अड्डों को जड़ से खत्म किया जाए, तो पंजाब की युवा पीढ़ी को इस गंभीर समस्या से बचाया जा सकता है। यह कार्रवाई कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ नशा-मुक्त समाज की स्थापना की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

“Jeet Samachar Daily Hindi Newspaper Ludhiana – RNI PUNHIN/2013/60106. Read today’s e-paper online at zeetsamachar.com”

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *