मान सरकार का बड़ा फैसला: अब बिना NOC मिलेगा बिजली कनेक्शन, बरिंदर कुमार गोयल ने दी जानकारी

पंजाब:1 फरवरी 2026:दिनेश कुमार शर्मा

पंजाब सरकार और पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (PSPCL) ने राज्य के नागरिकों को बड़ी राहत देते हुए बिजली कनेक्शन की प्रक्रिया में क्रांतिकारी बदलाव किए हैं। हलका विधायक  बरिंदर कुमार गोयल ने इन अधिसूचनाओं की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री एस. भगवंत सिंह मान और ‘आप’ संयोजक अरविंद केजरीवाल के मार्गदर्शन में पंजाब अब ‘ईज ऑफ डूइंग’ और जन-हितैषी सेवाओं की दिशा में अग्रणी राज्य बन गया है।

स्व-घोषणा (Self-Declaration) से काम होगा आसान
 

विधायक गोयल ने बताया

कि दिनांक 17/11/2025 को जारी नई अधिसूचना के अनुसार, अब घरेलू और वाणिज्यिक बिजली कनेक्शन प्राप्त करने के लिए एनओसी (NOC), नियमितीकरण प्रमाण पत्र या स्वीकृत भवन योजना जैसे जटिल दस्तावेज जमा करने की अनिवार्यता को खत्म कर दिया गया है। अब उपभोक्ता केवल एक स्व-घोषणा पत्र (Affidavit/Undertaking) देकर बिजली कनेक्शन प्राप्त कर सकते हैं। यह कदम उन हजारों लोगों के लिए वरदान साबित होगा जो दशकों से दस्तावेजी पेचीदगियों के कारण अंधेरे में रहने को मजबूर थे।

टेस्ट रिपोर्ट की प्रक्रिया का सरलीकरण
इसके अलावा, 08/11/2025 की अधिसूचना के माध्यम से नए कनेक्शन जारी करने और मौजूदा कनेक्शनों में संशोधन (Load Extension/Reduction) की प्रक्रिया को भी बेहद सरल बना दिया गया है। टेस्ट रिपोर्ट की आवश्यकताओं को तर्कसंगत बनाया गया है ताकि उपभोक्ताओं को बिजली दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।

जनहित में उठाया प्रगतिशील कदम
विधायक बरिंदर कुमार गोयल ने कहा, “हमारी सरकार का लक्ष्य भ्रष्टाचार को खत्म करना और लोगों के द्वार तक सेवाएं पहुँचाना है। इन अधिसूचनाओं से न केवल व्यापार करने में सुगमता आएगी, बल्कि आम नागरिकों की ‘खजल-खुवारी’ भी बंद होगी।” उन्होंने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि वे इन नई रियायतों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

दैनिक विज्ञापन
दैनिक विज्ञापन

You may have missed