लुधियाना: पुलिस ने PSO वापस लिया, अपराधियों ने कर दिया जानलेवा हमला; अस्पताल में भर्ती कमल पवार की सुरक्षा भगवान भरोसे

0

Views: 140

लुधियाना (जीत समाचार)

हैबोवाल के ऋषि नगर इलाके में कल रात करीब 9:00 बजे हुई फायरिंग की घटना ने लुधियाना पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित कमल पवार (42), जिन्हें पहले पुलिस सुरक्षा (PSO) मिली हुई थी, पर कल रात दो पड़ोसी परिवारों ने बाहर से गुंडे बुलाकर जानलेवा हमला कर दिया। हैरानी की बात यह है कि पिछले दिनों पुलिस कमिश्नर द्वारा उनकी सुरक्षा वापस ले ली गई थी, जिसका फायदा उठाकर हमलावरों ने इस वारदात को अंजाम दिया।

साजिश के तहत हमला:

पीड़ित कमल पवार ने बताया कि यह हमला पूरी प्लानिंग के साथ किया गया था। कल रात 9:00 बजे जब वह घर लौटे, तो पार्किंग के बहाने मोहल्ले के ही दो परिवारों ने विवाद शुरू किया और पहले से तैयार रखे गए 10-12 हथियारबंद बदमाशों ने उन पर धावा बोल दिया। आरोपियों ने पिस्तौल से गोलियां चलाईं, जिनमें से एक कमल की बाजू को चीरती हुई निकल गई। उनके जीजा रवि कुमार और बहन ममता रानी भी इस हमले में गंभीर रूप से घायल हैं।

सुरक्षा वापस लेने का खामियाजा:

कमल पवार का आरोप है कि उन्हें जान का खतरा होने के कारण पहले पुलिस सुरक्षा मिली हुई थी, लेकिन पिछले दिनों पुलिस कमिश्नर द्वारा उनके PSO को वापस बुला लिया गया। सुरक्षा हटने के बाद ही विरोधियों के हौसले बुलंद हुए और उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया। हमले के 15 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी:

अब तक पुलिस का कोई भी कर्मचारी बयान दर्ज करने अस्पताल नहीं पहुँचा है।

मौके पर पड़ा गोली का खोल अब तक बरामद नहीं किया गया है, जिससे सबूत मिटने का खतरा है।

पीड़ित ने दोबारा सुरक्षा की मांग की थी, लेकिन प्रशासन मौन साधे बैठा है।

प्रशासन से मांग:
कमल पवार ने ‘जीत समाचार’ के माध्यम से पुलिस कमिश्नर, लुधियाना से मांग की है कि उनकी सुरक्षा (PSO) तुरंत बहाल की जाए, मौके से सबूत जुटाए जाएं और साजिश रचने वाले पड़ोसियों व बाहर से आए हमलावरों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *