मिशन क्लीन पंजाब: एमसी कमिश्नर ओजस्वी ने जवाहर नगर में सफाई और विकास कार्यों का लिया जायजा

0

Views: 82

दफ्तरों में लोगों को बिना रुकावट सेवाएं देने के निर्देश | अधिकारियों को कहा— काम की गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा

लुधियाना, 22 जून विक्की कुमार

स्थानीय निकाय मंत्रीहरजोत सिंह बैंस की अगुवाई में चल रहे ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के तहत नगर निगम कमिश्नर ओजस्वी अलंकार ने सोमवार सुबह जवाहर नगर कैंप इलाके का दौरा कर सफाई और विकास कार्यों का जायजा लिया।

दौरे के दौरान कमिश्नर ने जवाहर नगर कैंप स्थित स्टैटिक कंपैक्टर साइट का निरीक्षण किया और मार्केट क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इलाके में सफाई व्यवस्था को और बेहतर व मजबूत बनाया जाए।

इसके अलावा इलाके में चल रहे पानी सप्लाई पाइपलाइन बिछाने के कार्य का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान ओजस्वी अलंकार ने अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी कि कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए और परियोजना को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए।

बाद में एमसी कमिश्नर ने सराभा नगर स्थित एमसी जोन-डी कार्यालय का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शहरवासियों को कार्यालयों में बिना किसी रुकावट और परेशानी के सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएं।

इस मौके पर एमसी जोनल कमिश्नर जसदेव सिंह सेखों, पार्षद कपिल सोनू, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विपल मल्होत्रा समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

कमिश्नर ओजस्वी अलंकार ने कहा कि ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के तहत रोजाना फील्ड निरीक्षण किए जा रहे हैं ताकि पूरे शहर में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि सफाई केवल नगर निगम की नहीं, बल्कि हर नागरिक की भी साझा जिम्मेदारी है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि खुले में कूड़ा फेंकने से बचें और शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने के लिए नगर निगम का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही ‘मिशन क्लीन पंजाब’ का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया जा सकता है।

 

 

“Jeet Samachar Daily Hindi Newspaper Ludhiana – RNI PUNHIN/2013/60106. Read today’s e-paper online at zeetsamachar.com”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *