भारी बारिश के बाद एक्शन मोड में नगर निगम, कमिश्नर ओजस्वी आलंकार ने किया शहर का दौरा

0

Views: 106

भाई बाला चौक, सग्गू चौक व फिरोजपुर रोड सहित कई इलाकों का लिया जायजा | अधिकारियों को दिन-रात सतर्क रहने के निर्देश

लुधियाना, 2 जुलाई। विक्की कुमार

बुधवार और गुरुवार की दरम्यानी रात हुई भारी बारिश के बाद नगर निगम कमिश्नर ओजस्वी आलंकार गुरुवार सुबह स्वयं फील्ड में उतरे और शहर के विभिन्न इलाकों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को 24 घंटे सतर्क रहकर जलभराव व अन्य समस्याओं पर नजर रखने के निर्देश दिए।

कमिश्नर ने भाई बाला चौक, सग्गू चौक, फिरोजपुर रोड सहित कई क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ जोनल कमिश्नर जसदेव सेखों, हेल्थ ऑफिसर डॉ. विपल मल्होत्रा समेत नगर निगम के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान कमिश्नर आलंकार ने बताया कि भारी बारिश के कारण शहर के कुछ स्थानों पर पानी जमा हुआ था, लेकिन नगर निगम द्वारा पहले से किए गए इंतजामों के चलते अधिकांश स्थानों से पानी कम समय में ही निकल गया। उन्होंने कहा कि हालात पर लगातार नजर रखने के लिए नगर निगम की टीमें दिन-रात तैनात हैं।

कमिश्नर ने सग्गू चौक के पास सड़क धंसने (रोड केव-इन) वाली जगह का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को मरम्मत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के तहत, जो स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस के नेतृत्व में चलाया जा रहा है, नगर निगम के अधिकारी नियमित रूप से फील्ड निरीक्षण कर रहे हैं ताकि लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

कमिश्नर ओजस्वी आलंकार ने स्पष्ट किया कि मानसून की तैयारियों को लेकर पहले ही अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए जा चुके हैं और इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

“Jeet Samachar Daily Hindi Newspaper Ludhiana – RNI PUNHIN/2013/60106. Read today’s e-paper online at zeetsamachar.com”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *