हमीरपुर में डीईओसी भवन निर्माण को लेकर हुई अहम बैठक
Views: 1
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रस्तावित भवन के पर्यावरण एवं सामाजिक प्रभावों पर हुई चर्चा
जीत समाचार | हमीरपुर डेस्क
हमीरपुर, 24 जून 2026
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के जिला एमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (डीईओसी) के लिए प्रस्तावित भवन निर्माण को लेकर बुधवार को उपायुक्त कार्यालय के वीडियो कांफ्रेंसिंग कक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आपदा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान हिमाचल प्रदेश आपदा न्यूनीकरण कार्यक्रम (एचपीडीआरआरपी) की मैनेजमेंट एंड डिजाइन कंसल्टेंसी टीम के अधिकारी नीरज शर्मा और वरुण शर्मा ने जिला अधिकारियों के साथ डीईओसी भवन निर्माण की योजना पर विस्तार से चर्चा की।
इस दौरान प्रस्तावित भवन के निर्माण से जुड़े पर्यावरणीय और सामाजिक प्रभावों के अध्ययन के तहत सर्वेक्षण भी किया गया, ताकि निर्माण कार्य को सभी आवश्यक मानकों और सुरक्षा उपायों के तहत आगे बढ़ाया जा सके।
बैठक में डीडीएमए की प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण समन्वयक समीक्षा शर्मा और डीईओसी प्रभारी भानु शर्मा ने बताया कि एचपीडीआरआर कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्राकृतिक या मानवजनित आपदाओं के दौरान सुनियोजित और प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित करना है, ताकि बचाव और राहत कार्यों को तेजी और कुशलता के साथ अंजाम दिया जा सके।
अधिकारियों ने बताया कि इसी कार्यक्रम के अंतर्गत हमीरपुर में आधुनिक सुविधाओं से लैस डीईओसी भवन का निर्माण किया जाएगा, जिससे आपदा प्रबंधन व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
