पिपलू मेले का भव्य आगाज, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने किया शुभारंभ
Views: 1
नशे और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान | तनोली-बल्ह खालसा सड़क के लिए 20 लाख की घोषणा
जीत समाचार | ऊना डेस्क
बंगाणा (ऊना), 24 जून 2026
जिला स्तरीय ऐतिहासिक पिपलू मेला-2026 का बुधवार को भगवान श्री नरसिंह देव मंदिर परिसर में श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ भव्य शुभारंभ हुआ। मेले का उद्घाटन हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने पूजा-अर्चना, ध्वजारोहण और पारंपरिक टमक वादन के साथ किया।
इस अवसर पर कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा, उनकी धर्मपत्नी मृदु शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य लोग मौजूद रहे। उद्घाटन से पहले मंत्री ने बंगाणा में निकाली गई भव्य शोभायात्रा में भी भाग लिया, जिसमें स्थानीय संस्कृति और पारंपरिक वाद्य यंत्र आकर्षण का केंद्र रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पिपलू मेला लोक आस्था, संस्कृति और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ समाज को एकजुट रखने में अहम भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने नशे और सामाजिक कुरीतियों को समाज के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए लोगों से इनके खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया। साथ ही पूर्वजों के आदर्शों को अपनाकर प्रदेश और क्षेत्र के विकास में योगदान देने की अपील की।
मंत्री ने कुटलैहड़ क्षेत्र की तनोली-बल्ह खालसा सड़क के लिए 20 लाख रुपये देने की घोषणा की और बालकरूपी सड़क विस्तार में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
मेले के पहले दिन हिमाचली लोक गायक काकू राम ठाकुर की प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। उनके लोकप्रिय पहाड़ी गीतों पर पूरा पंडाल तालियों और उत्साह से गूंज उठा। नाटी की थाप पर मंत्री और स्थानीय लोग भी झूमते नजर आए।
कार्यक्रम के दौरान इंडो-नेपाल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक विजेता निखिल कुमार और पीजीआई चंडीगढ़ में सेवाएं दे रहे सतपाल धीमान को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त जतिन लाल, पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ, एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल सहित कई अधिकारी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
