एस.आई.आर.-2026 के तहत बी.एल.ओ. घर-घर जाकर भरवाएंगे गणना फॉर्म : जिला चुनाव अधिकारी
Views: 3
मालेरकोटला, 25 जून (अरुण कुमार):

डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी विराज एस. तिड़के ने पत्रकार वार्ता के दौरान जानकारी देते हुए बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार एस.आई.आर.-2026 (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) के दूसरे चरण की शुरुआत 25 जून से हो गई है। इसके तहत 24 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (बी.एल.ओ.) घर-घर जाकर मतदाताओं से गणना फॉर्म भरवाएंगे, ताकि मतदाता सूचियों को और अधिक शुद्ध, पारदर्शी तथा त्रुटिरहित बनाया जा सके।
उन्होंने बताया कि प्री-एस.आई.आर. मैपिंग के दौरान मालेरकोटला जिले के 3,25,433 मतदाताओं में से 2,97,252 मतदाताओं की सफलतापूर्वक मैपिंग की जा चुकी है, जो कुल मतदाताओं का 91.34 प्रतिशत है। इस व्यापक अभियान को सफल बनाने के लिए 400 बी.एल.ओ., 40 सुपरवाइजर, 2 ई.आर.ओ. तथा 10 ए.ई.आर.ओ. सहित पूरा चुनावी अमला तैनात किया गया है।
जिला चुनाव अधिकारी ने स्पष्ट किया कि एस.आई.आर. का उद्देश्य किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से हटाना नहीं है। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो तथा कोई भी डुप्लीकेट या अपात्र प्रविष्टि सूची का हिस्सा न रहे।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से फैल रही भ्रामक अफवाहों से सावधान रहें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार सुनिश्चित करना तथा लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाना ही एस.आई.आर.-2026 का मुख्य उद्देश्य है।
उन्होंने बताया कि बी.एल.ओ. मतदाताओं को गणना फॉर्म उपलब्ध कराएंगे। यदि पहली बार घर पर कोई सदस्य उपलब्ध नहीं होता है, तो बी.एल.ओ. फॉर्म घर के दरवाजे पर छोड़ देंगे और अगली यात्रा के दौरान भरे हुए फॉर्म एकत्रित कर लेंगे।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों को अधिक विश्वसनीय और पारदर्शी बनाने के लिए मीडिया, राजनीतिक दलों और आम नागरिकों का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है।
