आतम नगर में “मावां धियां सत्कार योजना” का शानदार शुभारंभ, विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू ने स्वयं संभाली कमान
Views: 6
लुधियाना, 1 जुलाई: यादविंदर
पंजाब सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण और आर्थिक सहायता के उद्देश्य से शुरू की गई “मावां धियां सत्कार योजना” का शुभारंभ आज आत्म नगर में उत्साहपूर्ण माहौल के बीच किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में माताओं, बेटियों और महिलाओं ने भाग लिया तथा योजना के प्रति खुशी व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान आत्म नगर के विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू स्वयं मौके पर उपस्थित रहे और महिलाओं को आवेदन पत्र भरने में सहायता प्रदान की। उन्होंने प्रत्येक लाभार्थी से बातचीत कर योजना की विस्तृत जानकारी दी तथा यह सुनिश्चित किया कि किसी भी महिला को आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस अवसर पर महिलाओं में भारी उत्साह देखने को मिला। कई महिलाओं ने विधायक का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह योजना उनके लिए आर्थिक रूप से बेहद सहायक साबित होगी। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। कुछ महिलाओं ने उन्हें मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इज़हार किया।
विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार जनता से किए गए हर वादे को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि “मावां धियां सत्कार योजना” महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और इसका लाभ पंजाब की लाखों महिलाओं को मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र महिला तक इस योजना का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। उन्होंने सभी महिलाओं से अपील की कि वे योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और यदि आवेदन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की कठिनाई आए तो अपने निकटतम सहायता केंद्र से संपर्क करें।
इस कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
“Jeet Samachar Daily Hindi Newspaper Ludhiana – RNI PUNHIN/2013/60106. Read today’s e-paper online at zeetsamachar.com”
